आलोचना लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
आलोचना लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 19 फ़रवरी 2010

कल्याणकारी पूंजीवादी राज्य, मासकल्चर और साहित्य

        हिन्दी साहित्य में नए मूल्यों और मान्यताओं के प्रति संदेह,हिकारत और अस्वीकार का भाव बार-बार व्यक्त हुआ है। इसका आदर्श नमूना है परिवार के विखंडन खासकर संयुक्त परिवार के टूटने पर असंतोष का इजहार। एकल परिवार को अधिकांश आलोचकों के द्वारा सकारात्मक नजरिए से न देख पाना। सार्वजनिक और निजी जीवन में 'तर्क' की बजाय 'अतर्क' के प्रति समर्पण और महिमामंडन। आजादी के बाद की आलोचना की केन्द्रीय कमजोरी है कल्याणकारी राज्य की सही समझ का अभाव। सार्वजनिक और निजी के रूपान्तरण की प्रक्रियाओं का अज्ञान। सच यह है कि कल्याणकारी पूंजीवादी राज्य की सांस्कृतिक भूमिका के बारे में हमने कभी विचार नहीं किया गया। उलटे कल्याणकारी राज्य का महिमामंडन किया। अथवा उसे एकसिरे से खारिज किया।

            प्रशंसा और खारिज करना ये दोनों ही अतिवादी नजरिए की देन हैं। इनका सही समझ के साथ कोई संबंध नहीं है। कल्याणकारी पूंजीवादी राज्य का अर्थ सब्सीडी, राहत उपायों  अथवा सार्वजनिक क्षेत्र के कारखानों का निर्माण करना ही नहीं है। अपितु कल्याणकारी राज्य आंतरिक गुलामी भी पैदा करता है। कल्याणकारी राज्य ने दो बड़े क्षेत्रों के चित्रण पर जोर दिया पहला-परिवार,इसमें भी मध्यवर्गीय परिवार पर जोर रहा है, चित्रण का दूसरा क्षेत्र है राजसत्ता और बाजार । स्वातंत्र्योत्तर अधिकांश साहित्य इन दो क्षेत्रों का ही चित्रण करता है। 
   
सवाल उठता है कल्याणकारी राज्य हो और आंतरिक गुलामी न हो ? कल्याणकारी राज्य के परिप्रेक्ष्य में साहित्य के प्रति क्या नजरिया होना चाहिए ? साहित्य को प्रदर्शन की चीज बनाया जाए, अथवा आलोचनात्मक वातावरण बनाने का औजार बनाया जाए ? कल्याणकारी राज्य में 'सार्वजनिक' और 'निजी' स्पेयर या वातावरण का क्या रूप होता है ? इसके दौरान किस तरह का साहित्य लिखा जाता है ? किस तरह के मुद्दे बहस के केन्द्र में आते हैं ? साहित्य की धारणा,भूमिका और प्रभाव की प्रक्रिया में किस तरह के परिवर्तन आते हैं ?
     कल्याणकारी राज्य साहित्य को 'सेलीबरेटी',प्रदर्शन,नजारे,तमाशे,बहस आदि की केटेगरी में पहुँचा देता है, कृति और साहित्यकार को सैलीबरेटी बना देता है। अब साहित्य और साहित्यकार के प्रदर्शन और सार्वजनिक वक्तव्य का महत्व होता है किंतु उसका कोई असर नहीं होता।

लेखक का बयान अथवा कृति को साहित्येतिहास का हिस्सा माना जाता है। उसका सामाजिक -राजनीतिक तौर पर गंभीर असर नहीं होता, लेखक की जनप्रियता बढ़ जाती है। किंतु सामाजिक संरचनाओं पर उसका प्रभाव नहीं होता। साहित्य और लेखक अप्रभावी घटक बनकर रह जाता है। लिखे का सामाजिक रूपान्तरण नहीं हो पाता।

आप लिखे पर बहस कर सकते हैं किंतु भौतिक,सामाजिक और सांस्कृतिक शक्ति के रूप में उसे रूपान्तरित नहीं कर सकते। अब साहित्य और साहित्यकार दिखाऊ माल बनकर रह जाते हैं। आलोचना का उपयोगितावाद के साथ चोली-दामन का संबंध बन जाता है। अब साहित्यालोचना उपयोगिता के नजरिए से लिखी जाती है,आलोचकगण सामयिक मंचीय जरूरतों के लिहाज से बयान देते हैं। यह एक तरह का साहित्यिक प्रमोशन है। साहित्य प्रमोशन और तद्जनित आलोचना का मासकल्चर के प्रसार के साथ गहरा संबंध है। मासकल्चर का प्रसार जितना होगा साहित्य में प्रायोजित आलोचना का उतना ही प्रचार होगा। प्रायोजित आलोचना मासकल्चर की संतान है।
                 
                भारत में कल्याणकारी राज्य का उदय साम्राज्यवाद के साथ आंतरिक अन्तर्विरोधों के गर्भ से हुआ । राज्य और जनता के संबंधों के बीच में गहरी गुत्थमगुत्था चल रही थी और सार्वजनिक और निजी में तनाव था, राज्य और जनता के बीच पैदा हुए संकट के 'प्रबंधन' तंत्र के रूप में कल्याणकारी राज्य का उदय हुआ। इस संकट के समाधानों को उपभोग और बाजार के तर्कों के बहाने हल करने की कोशिश की। उपभोग और बाजार की प्रबंधन में केन्द्रीय भूमिका रही है। संकट के प्रबंधन की इस पध्दति का लक्ष्य था राज्य निर्देशित सार्वजनिक वातावरण तैयार करना,सार्वजनिक क्षेत्र खड़ा करना, आमजनता को संकट से बचाने के लिए राहत देना, कल्याणकारी राहतों के तौर पर मजदूर संगठनों और सामाजिक आन्दोलनों को राहत देना।

आधुनिककाल का सार्वजनिक वातावरण


आधुनिकाल के आगमन के साथ विभिन्न किस्म के विनिमय रूपों का व्यापक विकास हुआ। परिवारों के बीच में विनिमय। वस्तुओं का विनिमय। वफादारी,आज्ञाकारिता और करवसूली आदि प्रशासन की नीतियों के परिणाम थे। राज्य और जनता के बीच में भी व्यापक विनिमय की प्रक्रिया शुरू हुई। एकल परिवार अच्छा परिवार था, सकारात्मक कदम था, किंतु भारत में इसका असमान ढ़ंग से विकास हुआ। एकल परिवार को हिन्दी क्षेत्र में आजादी के बाद ही विकास का मौका मिला। उसे संदेह और घृणा की नजर से देखा गया। सार्वजनिक व्यवस्था राज्य नियंत्रित थी । इसके विपरीत निजी व्यवस्था और निजी वातावरण का नियंत्रण राज्य नहीं करता था। निजी वातावरण और निजता का नियंत्रण पुराने मूल्यों के हवाले था। निजता पर प्राचीनता हावी थी। बड़ा ही सुंदर दायित्व विभाजन आजादी पूर्व के दौर में मिलता है सार्वजनिक वातावरण आधुनिक सत्ताा की शक्तियों के जिम्मे था तो निजी वातावरण प्राचीनतापंथियों के जिम्मे था। यह सार्वजनिक और निजी का 'व्यवस्था' के स्तर पर किया गया विभाजन था।
     नए उपभोक्तावर्ग का उदय हुआ। पहलीबार औरतों के निजी और सार्वजनिक वातावरण के बारे में विस्तार के साथ आमजीवन में बहस शुरू हुई। मध्यकाल में औरतों के सार्वजनिक और निजी में भेद नहीं था। उसे लेकर बहस भी नहीं थी। रैनेसां में औरतों की सामाजिक शिरकत को लेकर बहस शुरू हुई, औरतों के सवालों को सार्वजनिक तौर पर उठाया गया। मजदूरवर्ग का उदय हुआ। मजदूरवर्ग की भूमिका परिभाषित की गई। निजी अर्थव्यवस्था और सार्वजनिक अर्थव्यवस्था में अंतर किया गया। मजदूरवर्ग के उदय का अर्थ है मर्दानगी के नए युग का उदय।मर्दानगी पहले घरेलू जीवन में वर्चस्व बनाए हुए थी अब यह मजदूरवर्ग और पूंजीपतिवर्ग के रूप में सार्वजनिक जीवन में वर्चस्व बनाए हुए है। पूंजीवादी व्यवस्था मजदूरवर्ग को आर्थिक और सांस्कृतिक तौर पर पामाल करती है।  मनोवैज्ञानिक तबाही लेकर आती है।
             
        मजदूरवर्ग की मर्दानगी के कारण औरतों को श्रम के लिए समान वेतन और सुविधाएं नहीं मिलीं। सहयोगी कार्यों के तौर पर औरतों के श्रम को देखा गया। औरतों के कार्य का स्त्रीकरण किया गया और स्त्री के काम को सेवाक्षेत्र के रूप में देखा गया। स्त्रीसेवा कार्यों  में सचिव,घरेलू नौकरानी, सेल्सगर्ल, वेश्या,हाल ही में हवाई यात्राओं और दूरसंचार के क्षेत्र में भी औरत को देख सकते हैं।

        साथ ही औरतों के सहयोगीकर्म के रूप में स्त्री के मातृत्ववाले गुणों से जुड़े कार्यों को रखा गया। जैसे नर्स,सामाजिक कार्यकर्त्ता, आया, प्राइमरी स्कूल शिक्षिका आदि। औरतों के उत्पीड़न के भी क्षेत्र तय रहे हैं जैसे शारीरिक उत्पीडन, कम मजदूरी, कम कौशल का काम,पार्टटाइम नौकरानी, दो शिफ्टों में काम करने वाले मजदूर ,दोनों शिफ्टों में काम करने वालों में बंधुआ घरेलू नौकर, वेतनभोगी घरेलू नौकर दोनों ही शामिल हैं। मजदूरों में मजदूरनी को दोयमदर्जा दिया गया। इसके अलावा लिंगाधारित कार्यक्षेत्र आ गए जिनमें कामकाजी माँ, कामकाजी पत्नी आदि पदबंधों का प्रयोग चल निकला इन पदबंधों का अर्थ है कि जो औरत काम कर रही है वह प्राथमिकतौर पर मॉ है और कमाई के लिए घर से बाहर निकली है। जिससे पूरक के रूप में कुछ कमाई कर सके। ये सारी चीजें मिलकर आजादी के पहले का सार्वजनिक वातावरण  बनाती हैं।     
    आजादी के बाद भारत विभाजन,साम्प्रदायिक हिंसाचार, लाखों लोगों का कत्ल। लोकतंत्र का आगमन। लोकतांत्रिक संरचनाओं का निर्माण। लोकतांत्रिक मूल्यों,नियमों आदि के प्रति वचनवध्दता। नए वर्ग के तौर पर क्षेत्रीय पूंजीपतिवर्ग का उदय, ठेकेदार, इंजीनियर, डाक्टर,राजनीतिज्ञ आदि पेशेवर तबकों का उदय और विस्तार। संरचनाओं में नए और पुराने का द्वंद्व। न्यायपालिका और कार्यपालिका में पुराने मूल्यों और रूढियों के प्रति गहरी आस्था, संविधान में पर्सनल लॉ के रूप में 750 से ज्यादा समुदायों के निजी कानूनों का बने रहना।  सामाजिक जीवन में पुराने मूल्यों,रीति-रिवाजों,मान्यताओं आदि को संविधान के द्वारा खुला संरक्षण। इसका समूचे सार्वजनिक और निजी जीवन पर दुष्प्रभाव पड़ा। संविधान में पितृसत्ता और मर्दानगी को सर्वोच्च दर्जा और उसका महिमामंडन किया गया। इसने सार्वजनिक और निजी को नए सिरे से नियमित किया और निजता को विकसित ही नहीं होने दिया। निजता का व्यापक विकास तब ही हो पाया जब हम भूमंडलीकरण के दौर में दाखिल होते हैं। सार्वजनिक वातावरण के नाम उपभोक्तावादी वातावरण बनाने पर ज्यादा जोर दिया गया इसके कारण पितृसत्ता को नयी ऊर्जा मिली।
       

रविवार, 7 फ़रवरी 2010

हिन्दी साहित्य का इतिहास और हाइपरटेक्स्ट की समस्याएं -1-

     हाइपरटेक्स्ट आज हमारे देश की ठोस वास्तविकता है। हमें इसके साहित्यिक परिणामों के बारे में जागरूक बनना चाहिए। हाइपरटेक्स्ट मूलत: कम्प्यूटर रचित पाठ है।  इस पाठ का आधार साहित्यिक गद्य रहा है। जिन लोगों ने हाइपरटेक्स्ट का निर्माण किया उन विचारक वैज्ञानिकों ने साहित्य को कम्प्यूटर की भाषा के निर्माण का आधार बनाया। हिन्दी में संभवत: आचार्य हजारीप्रसाद द्विवेदी अकेले लेखक हैं जिनका गद्य हाइपरटेक्स्ट की विशेषताएं अपने अंदर समेटे हुए है। ''हिन्दी साहित्य का आदिकाल'' और ''मध्यकालीनबोध का स्वरूप'' उनकी ये दो  कृतियों में हाइपर टेक्स्ट के समस्त लक्षण उपलब्ध हैं। जबकि ये दोनों उनके व्याख्यान की किताबें हैं, पाठ हैं। 
 

जिस समय हजारीप्रसाद द्विवेदी लिख रहे थे वे कम्प्यूटर के प्रयोग के बारे में नहीं जानते थे। जिस दौर में उन्होंने हिन्दी में हाइपरटेक्स्ट की विशेषताओं वाला गद्य लिखा उस समय भारत में चंद संस्थानों में कम्प्यूटर का प्रयोग होता था।  
       
 हाइपरटेक्स्ट क्या है ? हाइपरटेक्स्ट के निर्माता टेड नेल्सन के अनुसार ''यह गैर-आनुक्रमिक लेखन है। यह ऐसा पाठ है जो पाठक को विभिन्न शाखाओं में चयन की अनुमति देता है। इसे बेहतर ढ़ंग से इंटरेक्टिव स्क्रीन पर पढ़ सकते हैं। यह सीरीज में फैला हुआ पाठ है। इसके अनेक लिंक हैं। ये पाठक को रास्ता सुझाते हैं।''

''एकरेखीयता और एक ही व्याख्या को हाइपरटेक्स्ट अस्वीकार करता है। हाइपर टेक्स्ट का ही यह प्रभाव है कि आज सारी दुनिया में एकरेखीयता की जगह गैर-रेखीयता केन्द्र में आ गई है। गैर-रेखीयता एक नियम बन गयी है। अब विमर्श एक ही दिशा और एक ही दृष्टिकोण की बजाय विभिन्न दृष्टियों से किए जा रहे हैं। सभी दृष्टियां समान हैं।''
   
हाइपरटेक्स्ट की छह केन्द्रीय विशेषताएं हैं प्रथम, गैर-आनुक्रमिक लेखन। द्वितीय , विकेन्द्रित पाठ, तीसरा , पाठ में अनेक स्रोत और लिंक की मौजूदगी ,चौथा , विकेन्द्रित अकादमिक समाज का गठन, पांचवां, एक ही दृष्टिकोण की बजाय अनेक दृष्टिकोणों पर जोर, छठा, खुला पाठ, विमर्श के ऐसे वातावरण का निर्माण जिसमें नियंता कोई नहीं होगा। पाठ ही नियंता होगा। पाठक ही सर्जक होगा। पाठ की एकायामिता की बजाय बहुआयामिता की हिमायत। कमोबेश ये सारी विशेषताएं द्विवेदीजी के पाठ में हैं। जिन दोनों किताबों का मैंने किया है उन किताबों में ये सभी विशेषताएं हैं।
    
उदाहरण देखें- '' आज से कोई अड़सठ वर्ष पूर्व सन् 1883ई. में शिवसिंह सेंगर ने प्रथमबार हिन्दी साहित्य के इतिहास का एक ढ़ाँचा तैयार करने का प्रयास किया था। इस प्रयत्न से कोई छह वर्ष बाद सुप्रसिध्द भाषाविज्ञानी डा.(बाद में सर) जार्ज ग्रियर्सन ने ऍंग्रेजी में एक ऐसा ही प्रयत्न किया। उनकी पुस्तक का नाम है-'मॉडर्न वरनाक्यूलर लिटरेचर ऑव नार्दर्न हिन्दुस्तान'। ये दोनों पुस्तकें बहुत थोड़ी सामग्री के आधार पर लिखी गई थीं। इनमें कवियों और रचनाओं के विवरण संग्रह कर दिए गए थे; पर उनको किसी एक ही जीवन्त प्रवाह के चिह्नरूप में देखने का प्रयत्न नहीं था। उन दिनों यह बात सम्भव ही नहीं थी। ''...
    
'' स्वर्गीय पण्डित रामचन्द्र शुक्ल ने इन पुस्तकों को 'कविवृत्तसंग्रह' कहकर इनका ठीक परिचय दिया था। ईसवी-सन् की उन्नीसवीं शताब्दी के बाद से काशी की सुप्रसिद्ध 'नागरी प्रचारिणी सभा' ने पुराने हिन्दी-ग्रन्थों की खोज का कार्य शुरू किया और थोड़े ही दिनों में सैंकड़ों अज्ञात कवियों और ग्रन्थों का पता लगा लिया। सभा की खोज रिपोर्टों के आधार पर मिश्रबन्धुओं ने सन् 1913 में 'मिश्रबन्धु विनोद' नामक अत्यन्त महत्वपूर्ण ग्रन्थ लिखा, जो अपनी समस्त त्रुटियों और खामियों के बावजूद अत्यन्त उपादेय है। लेकिन है यह भी कविवृत्तसंग्रह ही।''
      
''  हिन्दी साहित्य का सचमुच क्रमबध्द इतिहास पं.रामचन्द्र शुक्ल ने 'हिन्दी-शब्द सागर की भूमिका' के रूप में सन् 1929 ई. में प्रस्तुत किया।'' 

इतने लम्बे उध्दरण को देने के पीछे सिर्फ यह बताना था कि द्विवेदी का पाठ अनेक किस्म के स्रोतों की सूचनाओं से भरा है। आप इसमें कोई संदर्भ अथवा सूचना गायब करके पढ़ना चाहें तो पाठ नहीं टूटेगा और यदि एक सूचना से दूसरी सूचना के बीच में कुछ कहना चाहें तो पाठ का ढ़ांचा खुला हुआ है। 

इन उध्दरणों से यह भी पता लगता है कि हिन्दी साहित्य का इतिहास विकेन्द्रित संरचनाओं में तैयार हुआ था, इसके पीछे विकेन्द्रित तौर पर एक नहीं अनेक लोग सक्रिय रहे हैं। इस पूरे उध्दरण पर गौर करें तो पाएंगे कि हिन्दी साहित्य का इतिहास विकेन्द्रित इतिहास है। इस इतिहास की सूचनाओं के एकाधिक स्रोत हैं।
     
हजारीप्रसाद द्विवेदी जब हिन्दी भाषा की बात करते हैं तो पुन: हिन्दी भाषा के निर्माता के रूप में विकेन्द्रित संरचनाओं और भाषा के एकाधिक स्रोतों का उद्धाटन करते हैं। इस क्रम में चन्द्रधर शर्मा गुलेरी के निबंन्ध में आए हेमचन्द्र के व्याकरण में उदाहरण रूप में आए दोहों, प्रबन्ध चिन्तामणि और कुमारप्रतिपालप्रतिबोध में संगृहीत दोहों,शारंगधर पध्दति में प्राप्त हुए कुछ अपभ्रंश के वाक्यों का जिक्र करने के बाद विस्तार से उन तमाम स्रोतों का जिक्र करते हैं जिन्हें गुलेरीजी की मृत्यु के बाद खोजा गया था अथवा जिन्हें स्वयं द्विवेदीजी ने खोजा था। 

अपभ्रंश का प्रयोग संस्कृत के बड़े काव्यशास्त्रियों ने भी किया है।  द्विवेदी जी ने पिशेल के अपभ्रंश भाषा संबंधी योगदान का व्यापक उल्लेख किया है।  पिशेल ने हेमचन्द्र के व्याकरण का संपादित संस्करण तैयार करने में किन किताबों की मदद ली और यह काम कहां से और कब प्रकाशित हुआ। ये सारी सूचनाएं मात्र एक पृष्ठ में पेश की हैं। 

कहने का तात्पर्य यह है कि द्विवेदीजी के व्याख्यानों को पढ़ते समय  एक आख्यान वह पढ़ते हैं जो स्वयं द्विवेदीजी बनाते हैं और दूसरा आख्यान वह है जो इनके अंदर छिपा है जिसका उद्धाटन उस अर्थ को बदल सकता है। 

इन व्याख्यानों में इनसाइक्लोपीडिया की पध्दति अपनायी  गयी है। यही पध्दति हाइपर टेक्स्ट का मूलाधार है। जिसे हम सब इन दिनों इंटरनेट पाठ में देख सकते हैं।
    
इनसाइक्लोपीडिया पध्दति की मांग है कि निरंतर खोज और संवाद जारी रखें। द्विवेदीजी की उल्लिखित कृतियां यह मांग हिन्दी के पाठक के सामने भी पेश करती हैं। इन किताबों में कोई चीज अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुँचती। कोई भी अध्याय संपूर्ण अध्याय नहीं है। कोई भी व्याख्यान संपूर्ण व्याख्यान नहीं है। प्रत्येक व्याख्यान खुला है आप चाहे तो इनका विस्तार कर सकते हैं। इन व्याख्यानों में 'संवाद' और 'खोज' को ही मूल आधार बनाया गया है। 'संवाद' और 'खोज' मूलत: इनसाइक्लोपीडिया पद्धति का हिस्सा हैं,हाइपरटेक्स्ट की पध्दति का हिस्सा हैं। इस अर्थ में द्विवेदीजी हिन्दी में हाइपरटेक्स्ट की पध्दति के पहले प्रयोगकर्त्ता के रूप में सामने आते हैं।
    

सोमवार, 1 फ़रवरी 2010

कब्र से कोई नहीं लौटा नामवर जी




इसबार के दिल्ली के विश्व पुस्तक मेले में प्रसिद्ध आलोचक नामवर सिंह की चार किताबों के लोकार्पण का विज्ञापन 3-4 दिन पहले पढ़ा था , पढ़कर झटका लगा और सवाल उठा कि क्या नामवरजी को भी लोकार्पण जैसे बेहूदे कर्मकांड की जरुरत है ? क्या गुरुदेव भी साहित्यिक कर्मकांड में विश्वास करते हैं ? आखिरकार कर्मकांड पर क्यों उतर आए हैं नामवर जी ? असल समस्या यह है कि आलोचना को कब्रिस्तान तक पहुँचाने वाले नामवरजी ही हैं ,अब वह चाहते हैं कि आलोचना कब्र से लौट आए, गुरुदेव जानते हैं कब्र से कोई नहीं लौटा। अब कुछ आलोचना के वर्तमान हालात पर बातें करें।


आधुनिक हिन्दी आलोचना इन दिनों ठहराव के दौर से गुजर रही है,आलोचना में यह गतिरोध क्यों आया ? आलोचना में जब गतिरोध आता है तो उसे कैसे तोड़ा जाए ? क्या गतिरोध से मुक्ति के काम में परंपरा हमारी मदद कर सकती है ? क्या परंपरागत आलोचना के दायरे को तोड़ने की जरूरत है ? 
       आलोचना की दो पद्धतियां प्रचलन में हैं,इनमें पहली है रामविलास शर्मा की,दूसरी है नामवर सिंह की। दोनों के अंधभक्तों की कमी नहीं है। आलोचना में इसी अंधभक्ति के कारण सबसे ज्यादा समस्याएं पैदा हुई हैं। आलोचना में ठहराव अंधभक्ति और अनुकरण के कारण पैदा होता है। दूसरी ओर आलोचना पध्दति में श्रध्दा के तत्व का कोई स्थान नहीं है। आलोचना के लिए श्रद्धा की बजाय आलोचनात्मक विवेक की जरूरत होती है।

 किसी भी आलोचक की आलोचना एकांगी ढ़ंग से,वकील की शैली में नहीं की जानी चाहिए। आलोचना का अर्थ वकील की दलीलें नहीं है। आलोचक को वकील नहीं होना चाहिए। इसके अलावा आलोचना मे ठहराव आत्मगतबोध के कारण भी आता है,आलोचना को इच्छित दिशा में मोड़ना,आत्मगतता के तत्व का हावी हो जाना,आलोचना के यथार्थ से कट जाने का संकेत है।आलोचना मूलत: संवाद है,सापेक्ष संवाद है,समस्याकेन्द्रित संवाद है,पध्दतिगत संवाद है,आलोचना विनिमय है। आलोचना देती है तो लेती भी है। जो आलोचना इस दोहरी प्रक्रिया से नहीं गुजरती वह ठहराव की शिकार हो जाती है।
            यह जनतंत्र का युग है,इस युग का नायक है मनुष्य। मनुष्य और मानवतावाद इस दौर के विचारधारात्मक संघर्ष की धुरी हैं। किसी भी विचारधारा अथवा व्यवस्था की कसौटी है मानवाधिकार,पितृसत्ता और साम्राज्यवाद के प्रति उसका रुख क्या है ? नामवरजी ने इन पहलुओं पर कुछ भी नहीं लिखा। पितृसत्ता और साम्राज्यवाद की आलोचना के बिना आलोचना अप्रासंगिक है। 
         आलोचना जब एकांगी हो जाती है तो आलोचना में गतिरोध पैदा होता है,गतिरोध को तोड़ने अथवा आलोचनात्मक विकास की बुनियादी शर्त है आलोचना के सकारात्मक तत्वों की मींमासा पर जोर। मौजूदा आलोचनात्मक गतिरोध का एक अन्य कारण है अकादमिक स्तर पर आलोचना की सैध्दान्तिकी और पध्दति के पठन-पाठन,अनुसंधान की संरचनाओं और परंपरा का अभाव। इसी के गर्भ से यह भाव भी पैदा हुआ है कि कम लिखो और ज्यादा कमाओ, कम लिखो और ज्यादा कॉमनसेंस से सोचो और बोलो, हिन्दी में ज्यादा लिखने वाले को खराब और कम लिखने वाले को ज्यादा बेहतर माना जाता है।गोया ज्यादा लिखना पतन की निशानी हो !
           आलोचना में गतिरोध का एक अन्य महत्वपूर्ण कारण है आलोचना का वाचिक परंपरा तक सीमित रहना।अकादमिक अनुशासन,लिखित रूप में आलोचना के कम से कम प्रयास हुए हैं। आलोचना में ढर्रे पर सोचने की आदत है। आलोचना के ठहराव का एक अन्य कारण यह भी है उसमें सामान्यत: हीनताबोध है ,कुछ लोग यह मानकर चलते हैं कि गंभीर आलोचना तो फलां-फंला आलोचक ही कर सकता है, हम तो बेहतर सोच ही नहीं सकते।वहीं दूसरी ओर सोचने वाले आलोचकों की हालत इस कदर पतली है कि वे सोचते और पढ़ते कम बोलते ज्यादा हैं। अथवा दोहराते ज्यादा हैं। दोहराने वालों अथवा वाचाल किस्म के आलोचकों में आलोचनात्मक विनम्रता नहीं है,वे अन्य को कम पढ़ते हैं,जिसे पढ़ते हैं उसका नाम ,संदर्भ छिपाते हैं, अन्य की बातों को अपने नाम से,मौलिक समीक्षा के नाम से चलाते हैं । अपने लेखन में हिन्दी के अनुसंधान कार्य को उल्लेख योग्य नहीं समझते। इस सबका परिणाम है आलोचना में पैदा हुआ मौजूदा गतिरोध। नामवर जी इसके आदर्श रहे हैं।
       संभवत: हमारे स्वनाम धन्य आलोचकों को आलोचना में गतिरोध नजर ही न आए। यदि वे स्वाभाविक रूप में सोच रहे हैं कि गतिरोध नहीं है तो वे गलत हैं।सवाल किया जाना चाहिए हिन्दी में 'कविता के नए प्रतिमान' के बाद आलोचना की कोई भी उल्लेखनीय कृति क्यों नहीं आयी ?यानी चालीस साल से ज्यादा समय गुजर चुका है और आलोचना में किसी कृति का न आना उल्लेखनीय दुर्घटना ही कही जाएगी। यह बात दीगर है कि इस दौर में नामवरजी के हजारों व्याख्यान हुए हैं,आलोचना में अनेक संपादकीय लेख आए हैं, किंतु उनके द्वारा आलोचना की किसी किताब का न आना,महज संयोग नहीं है। इसी तरह रामविलास शर्मा 'निराला की साहित्य साधना' के बाद आलोचना की कोई महत्वपूर्ण किताब नहीं दे पाए। जबकि इस बीच उनकी डेढ़ दर्जन किताबें आयीं। मै यहां आलोचना की मुकम्मल किताब के संदर्भ में ध्यान खींच रहा हूँ। इस तथ्य की ओर ध्यान खीचने का अर्थ यह नहीं है कि इस बीच आलोचना में कुछ भी लिखा ही नहीं गया। लिखा गया है ढ़ेरों किताबें आई हैं , हजारों लेख छपे हैं, हमने शब्दों और तर्कों के मैदान में परास्त करने का शास्त्र रचा है,आलोचना नहीं रची है।

 आलोचना जब परास्त करने, एक-दूसरे को ओछा दिखाने, मीन-मेख निकालने,छिद्रान्वेषण करने और बदनाम करने के लिए लिखी जाती है तो उसे आलोचना नहीं कहते। नामवर सिंह के द्वारा दिए गए असंख्य साक्षात्कार और लेख धीरे-धीरे किताबी शक्ल में आने शुरू हो गए हैं।उनका संवाद और साक्षात्कार विधा के रूप में मूल्यांकन होना अभी बाकी है। क्या यह सुनियोजित आलोचना है ? आलोचना के अनुशासन को केन्द्र में रखकर लिखी गयी आलोचना है ? इस बीच में यह प्रश्न भी विचारणीय है कि आलोचना किसे कहते हैं ? 
आलोचना का कोई एक रूप,प्रकार,स्कूल आदि तय करना मुश्किल है,आलोचना अनेकरूपा है। आलोचना को किसी एक स्थान,एक विचारधारा आदि में सीमित करके देखना सही नहीं होगा। हम जब आलोचना का वर्गीकरण करते हैं तो यह एक स्वाभाविक कार्य है,क्योंकि प्रत्येक किस्म की आलोचना स्वयं की संरचनाओं की भी आलोचना होती है। अच्छी आलोचना वह है जो आत्म-चेतस हो। चूंकि हिन्दी में आलोचना की आकांक्षा अभी भी बची है,बिखरे हुए रूप में आलोचना लिखी जा रही है अत: वह मौजूदा ठहराव से भी मुक्त होगी। आलोचना का स्वरूप बदलेगा। 

आलोचना का नया बदला हुआ रूप बहुत कुछ सम-सामयिक विचार,संचार तकनीक,पध्दति और इण्टरडिसिपिलनरी एप्रोच पर निर्भर है।आलोचना जितना एकांगी दायरों की कैद से मुक्त होगी वह ज्यादा जनतांत्रिक होगी। मसलन् नए दौर में आलोचना भी अपने को वर्चुअल बना चुकी है। आलोचना के वर्चुअल होने का अर्थ है आलोचना का अकेलापन। पहले आलोचना साहित्य से जुड़ी थी,साहित्य के पाठक से जुड़ी थी,आलोचक,लेखक और कृति के बीच प्रत्यक्ष संबंध था,किंतु लंबे समय से यह संबंध टूट चुका है। लेखक और आलोचक के बीच अंतराल पैदा हो गया है।
         आज स्थिति यह है कि आलोचक और लेखक दोनों में अपना अस्तित्व बनाए रखने की इच्छा तो है किंतु दोनों में एक साथ रहने,संवाद करने और एक-दूसरे से सीखने और सिखाने की आकांक्षा खत्म हो गयी है। फलत: लेखक अकेला है और आलोचक भी अकेला है। दोनों में अलगाव पैदा हो गया है। अब ये दोनों एक-दूसरे से सिर्फ प्रशंसा चाहते हैं,आलोचना नहीं चाहते। आलोचना रचना का स्पर्श करके निकल जाती है जिसे हम पुस्तक समीक्षा के नाम से जानते है।पुस्तक समीक्षा आलोचना का स्पर्श है,आलोचना नहीं है। रचना से बड़ा लेखक का अहं हो गया है। लेखक आलोचक की कंपनी पसंद करता है किंतु आलोचना पसंद नहीं करता,आलोचना करते ही नाराज हो जाता है। आलोचना वह है जिसमें विश्लेषण हो,व्याख्या हो,गहराई में जाकर विवेचन किया गया हो,शब्दों के बाहुल्य या शब्दों के अभाव को आलोचना नहीं कहते। रचना के मर्म का उद्धाटन किया जाय। आलोचना का काम यह भी है कि वह रचना को उसके व्यक्त लक्ष्य के परे ले जाय,पाठक को अनुशासित करने की बजाय खास किस्म की गतिविधि के लिए प्रेरित करे। आलोचना का बुनियादी कार्य है प्रतिरोध करना और धर्मनिरपेक्ष बनाना।जो आलोचना कठमुल्लापन अथवा पोंगापंथीभाव पैदा करती है उसे आलोचना नहीं कहते। आलोचना को जनतंत्र चाहिए। आलोचना और जनतंत्र की प्रक्रियाओं के गर्भ से धर्मनिरेक्ष समीक्षा विमर्श पैदा होता है। हिन्दी आलोचना में पितृसत्ता के खिलाफ संघर्ष का अभाव। नामवर सिंह साक्षात प्रमाण हैं उन्होंने कभी पितृसत्ता के खिलाफ नहीं लिखा।